बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब पत्नी से विवाद के बाद एक अधेड़ ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। अचानक उठी चीख-पुकार सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसने किसी तरह आग बुझाकर उसकी जान बचाई।
घटना सरयू पुल के पास तपसिपाह मार्ग के मोड़ स्थित मंदिर के निकट की है, जहां जनपद सिद्धार्थनगर के थाना मिश्रोलिया के बांसी गांव निवासी 50 वर्षीय खड़बढ़ पिछले तीन महीनों से परिवार के साथ रह रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार शाम करीब 5:30 बजे पत्नी नंदरानी से हुए विवाद के दौरान खड़बढ़ ने आवेश में आकर खुद को आग के हवाले कर दिया। मौके पर जुटी भीड़ ने मोटे कपड़े डालकर आग बुझाई और तत्काल एंबुलेंस मंगवाकर उसे सीएचसी रामनगर भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पत्नी नंदरानी ने बताया कि खड़बढ़ शराब के नशे में घर लौटा था और विवाद करने लगा। अचानक गुस्से में उसने ज्वलनशील पदार्थ डालकर खुद को आग लगा ली। कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि मामले की जानकारी उन्हें नहीं थी, अब सूचना मिलने पर इसकी जांच कराई जाएगी।