साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर शुरु की तफ्तीश
बाराबंकी। साइबर ठगों ने एक युवक को फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग एप के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर मोटे लाभ का झांसा दिया और धीरे-धीरे उससे साढ़े अटठारह लाख रुपये हड़प लिए। रकम वापस न मिलने पर जब युवक को ठगी का अहसास हुआ, तब उसने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम लालू का पुरवा निवासी नितिन कुमार शर्मा को साइबर जालसाजों ने फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 18 लाख 45 हजार 357 रुपये का चूना लगाया। पीड़ित नितिन ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर संपर्क किया और उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल कर लिया। इस ग्रुप में शेयर मार्केट और स्टॉक्स से जुड़ी जानकारी साझा की जाती थी। कुछ समय बाद ठगों ने नितिन को ‘बार्कलेज’ नामक मोबाइल एप डाउनलोड करने के लिए कहा, जिसके माध्यम से निवेश के बहाने विभिन्न खातों में पैसे ट्रांसफर कराए गए। धीरे-धीरे नितिन से कुल 18.45 लाख रुपये जमा करा लिए गए। जब नितिन ने रकम वापस मांगी तो ठगों ने व्हाट्सएप ग्रुप डिलीट कर दिया और सभी नंबर बंद कर लिए।
पीड़ित ने 15 सितंबर को साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। सभी संदिग्ध लोागें के मोबाइल नंबर और ट्रांजेक्शन विवरण पुलिस को सौंपे जा चुके हैं। साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ठगों के मोबाइल नंबरों व बैंक खातों के आधार पर ट्रांजेक्शन ट्रेस करने में जुटी है।