बाराबंकी। रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के धरौली गांव में शनिवार को अयोध्या-लखनऊ राजमार्ग किनारे प्रस्तावित पेट्रोल पंप के निर्माण को लेकर भूमि मालिक और बीपीसीएल कंपनी के ठेकेदार के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर भूमि मालिक रामप्रकाश तिवारी ने आक्रोश में आकर अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार बीपीसीएल कंपनी की ओर से पेट्रोल पंप का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। शनिवार सुबह कंपनी के ठेकेदार जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य शुरू कराया। ठेकेदार का कहना है कि भूमि का एग्रीमेंट विधिवत रूप से खेत मालिक से किया गया है, जबकि भूमि मालिक रामप्रकाश तिवारी का आरोप है कि एग्रीमेंट दूसरी भूमि का है और उनकी जमीन पर जबरन कब्जा किया जा रहा है।
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हो गई। सूचना पर एसडीएम अनुराग सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तनाव की स्थिति बनी रही। इस दौरान गुस्से में रामप्रकाश तिवारी ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया।
भूमि मालिक के पुत्र राजेश तिवारी ने बताया कि जमीन से जुड़ा मामला कोर्ट में विचाराधीन है, इसके बावजूद कंपनी जबरन निर्माण कार्य करा रही है। उन्होंने प्रशासन पर कंपनी के पक्ष में कार्य करने का आरोप लगाया।
एसडीएम अनुराग सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश के अनुपालन में बीपीसीएल कंपनी को निर्माण के दौरान सुरक्षा देने के निर्देश थे, जिसके तहत प्रशासनिक टीम मौके पर भेजी गई थी। उन्होंने बताया कि भूमि मालिक द्वारा अपने ऊपर पेट्रोल डालने की घटना गंभीर है, उनका मेडिकल कराया जा रहा है तथा शांति भंग की आशंका में दो परिजनों को हिरासत में लिया गया है। एसडीएम ने कहा कि कोर्ट के आदेश का पालन हर हाल में कराया जाएगा।