बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के थाना मसौली क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक अचानक एक व्यक्ति के घर के आंगन में गिर पड़ा। घरवालों ने उसे चोर समझकर शोर मचा दिया। देखते ही देखते ग्रामीण जुट गए और युवक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
पिटाई के दौरान युवक दर्द से तड़पते हुए चीखने लगा, बोला “मैं चोर नहीं, प्रेमी हूं… प्रेमिका के बुलाने पर आया हूं।” यह सुनकर लोगों के होश उड़ गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया। पूछताछ में उसने बताया कि वह थाना मिश्रित, जनपद सीतापुर का रहने वाला है। मसौली क्षेत्र की एक युवती से उसका प्रेम संबंध है। युवती के बुलाने पर वह करीब सौ किलोमीटर का सफर तय कर उससे मिलने आया था।
युवक के अनुसार, वह रात में प्रेमिका के घर की छत पर चढ़ गया था और दोनों आपस में बात कर रहे थे। तभी प्रेमिका का भाई जाग गया, जिससे घबराकर युवक भागने लगा और भागते हुए पास के एक घर के आंगन में गिर पड़ा, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे चोर समझ लिया।
मसौली कोतवाल अमित प्रताप सिंह ने बताया कि यह चोरी का मामला नहीं था। युवक अपनी प्रेमिका से मिलने आया था। जांच में उसके मोबाइल फोन में युवती की कई तस्वीरें मिली हैं। परिजनों ने इस प्रकरण में कोई तहरीर नहीं दी है।