बाराबंकी। इनविज़िबल टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के बैनर तले बन रही फिल्म देशी काऊ ब्याज इन दिनों चर्चा में है। इस फिल्म के प्रोड्यूसर व कास्टिंग डायरेक्टर इंद्रमित्र (अंकुर) हैं, जो डेढ़ुआ मजरे बिरौली, तहसील रामनगर, जनपद बाराबंकी के निवासी हैं।
प्रोड्यूसर इंद्रमित्र (अंकुर) ने बताया कि केंद्र व प्रदेश सरकार की स्टार्टअप इंडिया नीति से प्रेरित होकर यह फिल्म बनाई जा रही है। गौ-रक्षा की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म न केवल युवाओं के भविष्य और शिक्षा से जुड़ी है, बल्कि समाज को एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश भी देती है।
फिल्म में सशक्त कलाकारों की टोली नजर आएगी। प्रमुख भूमिकाओं में द्वारिका प्रसाद के किरदार में यशपाल शर्मा, बीना के किरदार में कानी कुसुर्ती, कमेंटेटर की भूमिका में इस्तियाक खान और बब्बन के किरदार में राजेंद्र गुप्ता नजर आएंगे। सभी कलाकारों ने अपने-अपने किरदारों को प्रभावशाली ढंग से निभाया है।
फिल्म की शूटिंग के लिए स्थानीय परिवेश को प्राथमिकता दी गई है। शूटिंग के दृश्य रफी मेमोरियल इंटर कॉलेज, बिरौली के प्राथमिक विद्यालय तथा गांव के आसपास के प्राकृतिक माहौल में फिल्माए गए हैं, जिससे फिल्म की कहानी और अधिक यथार्थपरक बन सकी है।




