परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज, इलाके में दहशत का माहौल
बाराबंकी। सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर में गुरुवार को स्कूल पढ़ने गए चार बच्चे लापता हो गए। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की लेकिन सुराग न लगने पर पुलिस को सूचना दी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर निवासी पिंटू अनूसूचित जाति से आते हैं और भीख मांग कर जीवन यापन करते हैं। पिंटू ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका 09 वर्षीय पुत्र ठुन्नी व 06 वर्षीय शनी तथा विपिन का 08 वर्षीय पुत्र अंकित व 05 वर्षीय राज गुरूवार को गांव के स्कूल में पढ़ने के लिए घर से निकले थे।
परिजनों के मुताबिक ये बच्चे अक्सर गांव के आसपास के चौराहों पर भीख मांगते थे और शाम तक घर लौट आते थे। लेकिन इस बार देर रात और अगली सुबह तक कोई जानकारी न मिलने पर चिंता बढ़ गई।
सीसी फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि बच्चों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने परिजनों को शीघ्र ही बच्चों का पता लगाने का आश्वासन दिया।
पहले ही हो चुकी है ऐसी घटना
14 सितंबर को बड्डूपुर थाना क्षेत्र के भगौली फूटी सरैया रेलवे फाटक के पास बकरी चराते समय तीन बच्चे ई-रिक्शा पर बैठकर लापता हो गए थे। पुलिस ने उन्हें चार दिन बाद लखनऊ के टेढ़ी पुलिया से बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया था।