बाराबंकी: देवा कोतवाली क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर बुधवार को छह बोरियों में बड़ी मात्रा में बारूद और सुतली के गोले मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह इब्राहिमपुर खुर्द के निकट माइनर किनारे दो बोरी सुतली गोले ग्रामीणों को दिखे। सूचना पाकर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से नष्ट किया।
दोपहर को खनवाहा मोड़ के पास इंदिरा नहर के किनारे एक बोरी बारूद, एक बोरी सुतली गोला तथा दो बोरी गोले के खोल बरामद हुए। ग्राम प्रधान उमेश रावत ने बताया कि एक वैन से आए कुछ अज्ञात लोग गोले और बारूद से भरी बोरियां नहर के किनारे फेंक कर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि बरामद विस्फोटक सामग्री के साथ मिले अखबार लखनऊ संस्करण के हैं, जिससे अंदेशा है कि लखनऊ के बेहटा क्षेत्र में हाल ही में हुए विस्फोट के बाद पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए इसे देवा क्षेत्र में फेंका गया है।
कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि लावारिस मिले विस्फोटक पदार्थ को नष्ट कर दिया गया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी उत्पत्ति और भंडारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है। क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और जनता से सतर्क रहने की अपील की गई है।