हादसे में मौत के बाद एटा के असरौली गांव में रोते बिलखते परिजन
एटा जिले के के असरौली गांव में छाया मातम, 7 मासूम बच्चे और 4 महिलाएं मृतकों में शामिल
एटाः राजस्थान के दौसा जिले में खाटूश्याम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी एक ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में 11 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जिनमें 7 बच्चे और 4 महिलाएं शामिल हैं। करीब 15 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।
हादसे के शिकार सभी लोग उत्तर प्रदेश के एटा जिले के असरौली गांव के रहने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक गांव से 42 लोग दो पिकअप गाड़ियों में खाटूश्याम के दर्शन करने गए थे। लौटते समय दौसा में ट्रक ने मैक्स पिकअप को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएम एटा प्रेमरंजन सिंह, एसएसपी श्याम नारायण सिंह, एएसपी राजकुमार सिंह और एसडीएम सदर मोरल राजस्व टीम के साथ असरौली गांव पहुंचे और मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद और मुआवजे का आश्वासन दिया।
इस हादसे ने पूरे असरौली गांव को गम में डुबो दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक और घायल ज्यादातर एक ही लोधी बिरादरी और एक ही परिवार के सदस्य हैं।