नगर विकास विभाग की समीक्षा दौरान कल्याण मंडपों का काम तेजी से पूरा कराने पर दिया जोर
बाराबंकी। गुरुवार को डीआरडीए सभागार में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन सहित जिले के अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ नगर विकास विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में जनपद के सभी नगर निकायों की कार्यप्रगति, स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, राजस्व वसूली और विकास योजनाओं की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों से कहा कि स्वच्छता समेत विभिन्न श्रेणियों में रैंकिंग सुधारने के लिए गंभीर प्रयास किए जाएं। उन्होंने अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता के हर पहलू पर समयबद्ध प्रगति दर्ज हो और किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। साथ ही सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और नालियों पर अवैध कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अतिक्रमण की स्थिति में तुरंत विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूली जाए। अवैध प्लाटिंग पर भी सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश : जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन कल्याण मंडपों के काम को तेजी से पूरा करने पर विशेष जोर दिया ताकि जनता को समय पर सुविधाएं मिल सकें। इसके साथ ही तालाबों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए भी निर्देश जारी किए गए, जिसमें तालाबों की सफाई, सुरक्षा और आमजन के उपयोग के लिए उन्हें आकर्षक बनाने पर बल दिया गया।
शत प्रतिशत हो कूड़ा संग्रहण: शतप्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों को सख्त निर्देश दिए गए।
राजस्व वसूली के संदर्भ में जिलाधिकारी ने कहा कि बकाया वसूली में लापरवाही करने वालों की जवाबदेही तय की जाएगी और सभी नगर निकाय अपने राजस्व लक्ष्यों को पूरा करें। बैठक में अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना तथा शहरी आजीविका मिशन जैसी प्रमुख योजनाओं की प्रगति पर भी समीक्षा की गई।
इस दौरान नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, इंजीनियरिंग विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।