बड्डूपुर क्षेत्र में चार दिन पूर्व बकरी चराते समय लापता हुए थे तीनों बच्चे
बाराबंकी। चार दिन पूर्व बड्डूपुर थाना क्षेत्र में बकरी चराते समय अपहृत हुए तीनों बच्चों को बड्डूपुर पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। स्वाट एवं सर्विलांस टीम की मदद से तीनों बच्चे लखनऊ की टेढी पुलिया से बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार बच्चों का अपहरण नहीं बल्कि स्वयं ई-रिक्शा से बैठ कर गए थे।
बड्डूपुर थाना क्षेत्र के भगौली फूटी सरैया रेलवे गेट पर 14 सितंबर को सीतापुर के बिसवां अंतर्गत गुरेरा निवासी वीरेन्द्र की 10 वर्षीय पुत्री मीना, 11 वर्षीय शहरीफुन 11 व 06 वर्षीय पुत्र शेखर बकरी चराते समय भिक्षा मांग रहे थे। इस दौरान लगभग 11 बजे तीनों बच्चे ई-रिक्शा पर बैठ कर लापता हो गए थे। जिस पर पिता वीरेन्द्र ने अज्ञात ई-रिक्शा चालक पर बहला फुसला कर अपहरण करने का आरोप लगाया था। बड्डूपुर पुलिस ने पीड़ित के तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजय वर्गीय के निर्देश पर बड्डूपुर पुलिस ने स्वाट एवं सर्विलांस की मदद से तलाश शुरू की। 18 सितंबर को लखनऊ की टेढ़ीपुलिया के पास से तीनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार बच्चे फूटी सरैया रेलवे क्रासिंग के पास से एक ई-रिक्शा से महमूदाबाद बस स्टॉप गए थे वहां से कैसरबाग डिपो लखनऊ की बस में बैठकर टेढ़ी पुलिया लखनऊ पहुंच गए। बच्चों के साथ किसी प्रकार का कोई अपराध होना नहीं पाया गया।
बड्डूपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि तीनों बच्चे भिक्षा मांगते समय ई-रिक्शा से बैठकर सीतापुर गए थे, जहां से बस के माध्यम से लखनऊ पहुंच गए। तीनों को टेढ़ी पुलिया से सकुशल बरामद कर उनके पिता को सुपुर्द कर दिया गया है।