-
पुलिस ने दिखाई तत्परता, कुछ ही घंटे में सकुशल अपहृत को किया बरामद
बाराबंकी। रविवार को लखनऊ में मजदूरी करने गए एक युवक को बंधक बनाकर फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। जिसकी सूचना पर फतेहपुर पुलिस ने कुछ ही घंटे में सर्विलांस की मदद से पीड़ित युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है। Se हालांकि प्रारंभिक जांच और साक्ष्यो के आधार पर पुलिस को प्रथम दृष्टया बंधक बनाने वाली घटना संदिग्ध लग रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी है।
फतेहपुर कोतवाली के अल्लापुर रानीमऊ रामदास गौतम मजदूरी करते हैं। रामदास के अनुसार उनके गांव का ही बहादुर कश्यप उन्नाव के हसनगंज थाना अंतर्गत रहने वाले सुभाष पुत्र रामबाबू को जानता है जिससे वह शिमला में मिला था और अब वह लखनऊ में रहता है। बहादुर कश्यप 18 मई 2025 को दिन में नौ बजे उनके पुत्र रवि कुमार गौतम को सुभाष के पास मजदूरी के लिए लखनऊ भेजा था। जहां से दोपहर एक बजे और फिर शाम चार बजे रवि कुमार से फोन पर बात हुई तब तक सब ठीक था। शाम आठ से नौ बजे के बीच में रवि के ही फोन से किसी ने काल करके परिवारजन को बताया कि रवि को बंधक बना लिया गया है और उसको छोेड़ने के नाम पर दस लाख रुपये फिरौती मांगी गई। जिससे घबराए परिवारजन ने पुलिस को सूचना दी, हालांकि पूरी रात आरोपितों व पीड़ित पिता से मोबाइल पर बात होती रही। जानकारी पर एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, सीओ जगत राम कनौजिया और फतेहपुर पुलिस सहित क्राइम ब्रांच मौके पर पहुंची। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने रवि को सकुशल बरामद कर लिया है। अब पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
पुलिस को घटना लग रही संदिग्धः बंधक बनाकर फिरौती की सूचना ने परेशान फतेहपुर पुलिस ने सर्विलांश की मदद से तफ्तीश शुरू की। तफ्तीश में आए रूझान से पुलिस को घटना संदिग्ध लग रही है। हालांकि पुलिस ने कुछ ही घंटे में रवि को सकुशल बरामद कर लिया जिससे उसे राहत जरूर मिली है। अब पुलिस इस पूरे घटना क्रम का सही-सही राजफाश करने के लिए साक्ष्य संकलन और अन्य लोगों की तलाश में लगी हैं। हालांकि स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट होने तक पुलिस पूरी गंभीरता से जांच कर रही है।
सूचना के आधार पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। मामले में जांच जारी है और युवक से पूछताछ चल रही है। प्रारंभिक जांच में मिले साक्ष्यों से घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। जिनको आरोपित बताया गया है उनकी तलाश चल रही है। जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
अर्पित विजयवर्गीय, पुलिस अधीक्षक बाराबंकी



