बाराबंकी। कोठी थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात हुई मार्ग दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक पर पीछे बैठा वृद्ध पुजारी घायल हो गया जिसका उपचार सीएचसी सिद्धौर में चल रहा है।
कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम सैदपुर कोरई निवासी 55 वर्षीय छेदा लाल मंगलवार की रात टोपा बाबा मंदिर के 60 वर्षीय बिहारी बाबा के साथ अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान कैसरगंज-सिद्धौर मार्ग पर सेमरावा के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में ठोकर मार दी। हादसे में छेदालाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर बिहारी बाबा को घायल अवस्था में सीएचसी सिद्धौर में भर्ती कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।