Thursday, July 23, 2026
Google search engine
HomeBARABANKI NEWSबीएसए ने दरियाबाद के 8 विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, छात्रों संग...

बीएसए ने दरियाबाद के 8 विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, छात्रों संग छका मिड-डे मील

  • 4 शिक्षक अनुपस्थित, उत्कृष्ट कार्य पर प्राथमिक विद्यालय मिर्कापुर की सराहना

बाराबंकी, 23 जुलाई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने गुरुवार को विकास खंड दरियाबाद के आठ परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चार शिक्षक अनुपस्थित पाए गए, जबकि प्राथमिक विद्यालय मिर्कापुर में पठन-पाठन, छात्र उपस्थिति एवं विद्यालय व्यवस्था उत्कृष्ट मिलने पर प्रधानाध्यापिका सहित पूरे स्टाफ की सराहना की गई।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुबह 9:55 बजे प्राथमिक विद्यालय जेठौती राजपुतान पहुंचे। यहां नामांकित 67 विद्यार्थियों के सापेक्ष 43 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले, जबकि सहायक अध्यापक अभिनव विसेन अनुपस्थित पाए गए। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय लालपुर गुमान का निरीक्षण किया। यहां शिक्षिका मीरा यादव अनुपस्थित मिलीं, जबकि सहायक अध्यापक योगेश कुमार विद्यालय समय में मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए पाए गए। इस पर बीएसए ने नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय मिर्कापुर में नामांकित 110 विद्यार्थियों के सापेक्ष 103 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। विद्यालय में पठन-पाठन की गुणवत्ता, अभिलेखों का अद्यतन रखरखाव, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित परिसर तथा अनुशासित शैक्षणिक वातावरण देखकर बीएसए ने प्रसन्नता व्यक्त की।

उन्होंने प्रधानाध्यापिका प्रीती बरनवाल एवं समस्त स्टाफ की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान करने की घोषणा की। इसके उपरांत बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय भेसौली का निरीक्षण किया, जहां नामांकित 50 विद्यार्थियों के सापेक्ष 42 छात्र-छात्राएं उपस्थित मिले। उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन भी चखा तथा भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के क्रम में प्राथमिक विद्यालय मालिनपुर में शिक्षक विकास वर्मा तथा कम्पोजिट विद्यालय अलियाबाद में शिक्षिका बबिता वर्मा अनुपस्थित मिलीं। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्राथमिक विद्यालय दरियाबाद टाउन एवं प्राथमिक विद्यालय गुलचप्पा कलां सहित कुल आठ विद्यालयों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों को विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित करने तथा बच्चों को मानक के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments