Friday, August 14, 2026
Google search engine
HomeBARABANKI NEWSविद्यालय में साफ सफाई व्यवस्था के साथ शिक्षक समस्याओ के समाधान की...

विद्यालय में साफ सफाई व्यवस्था के साथ शिक्षक समस्याओ के समाधान की मांग, बीएसए को सौंपा गया ज्ञापन

बाराबंकी। जिले के शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग को लेकर शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. आशुतोष कुमार ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शिक्षकों के कार्यहित एवं शैक्षणिक व्यवस्था को प्रभावित कर रही कई महत्वपूर्ण समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि निपुण असेसमेंट ऐप, ऑनलाइन छात्र उपस्थिति एवं एमडीएम से संबंधित विभागीय ऐप तकनीकी खामियों के कारण कई बार सही ढंग से कार्य नहीं करते हैं। ऐसी स्थिति में तकनीकी त्रुटियों के लिए शिक्षकों के विरुद्ध किसी प्रकार की प्रतिकूल कार्रवाई न की जाए। इसके अलावा चयन वेतनमान के पात्र शिक्षकों के आदेश समय से जारी किए जाने, मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सीय योजना के कार्ड बनाने में आ रही बाधाओं को दूर करने तथा बंद पड़ी आधार प्रमाणीकरण मशीनों को शीघ्र चालू कराने की मांग भी उठाई गई।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि विद्यालयों की छोटी-छोटी कमियों के आधार पर शिक्षकों के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि या वेतनवृद्धि रोकने जैसी कठोर कार्रवाई से बचा जाए। साथ ही अवशेष वेतन संबंधी ऑनलाइन प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण, सीसीएल सहित अन्य ऑनलाइन अवकाशों का शीघ्र अनुमोदन तथा विद्यालयों की साफ-सफाई के लिए मनरेगा के माध्यम से कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई।

शिक्षक संगठन ने यह भी मुद्दा उठाया कि एक ओर विद्यालय समय में शिक्षकों को मोबाइल का प्रयोग न करने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं दूसरी ओर विभागीय व्हाट्सएप समूहों पर लगातार सूचनाएं मांगकर समयबद्ध जवाब देने का दबाव बनाया जाता है। इससे शिक्षकों में असमंजस एवं मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। संगठन ने इस संबंध में स्पष्ट एवं व्यावहारिक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।

जिलाध्यक्ष डॉ. आशुतोष कुमार ने कहा कि यदि शिक्षकों की इन व्यावहारिक एवं प्रशासनिक समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाता है तो शिक्षक अधिक सकारात्मक वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर सकेंगे। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। इस अवसर पर वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष डॉक्टर हरे राम पटेल, जिला कोषाध्यक्ष पूर्णेश प्रताप सिंह, आशीष कुमार शुक्ला, चंद्र प्रकाश सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष सिरौली गौसपुर रामपाल रावत, ब्लॉक अध्यक्ष मसौली लवलेश यादव, अशोक कुमार रावत सहित दर्जनों पदाधिकारी उपस्थित रहे l

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments