Monday, June 22, 2026
Google search engine
HomeLucknowअलीगंज के कोचिंग सेंटर में भीषण आग से छात्र-छात्राओं सहित 15 की...

अलीगंज के कोचिंग सेंटर में भीषण आग से छात्र-छात्राओं सहित 15 की जलने से मौत, कई झुलसे, सीएम पहुंचे ट्रामा सेंटर

  • राहत एवं बचाव कार्य में जुटे पुलिस कर्मी, अग्नीशमन अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक

  • मुख्यमंत्री योगी ने चिकित्सकों को दिए झुलसे लोगों के समुचित उपचार के निर्देश

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरनिया इलाके में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी इमारत कुछ ही देर में धुएं और लपटों की चपेट में आ गई। हादसे में अब तक 15 शव बरामद होने की सूचना है, जबकि कई छात्र और कर्मचारी झुलस गए हैं। जिन्हें ट्रामा सेंटर में उपचार के लिए भेजा गया है।

मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री पहुंचे घटना स्थल 

इस हृदयविदारक घटना की जानकारी होने पर स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक घटना स्थल पर पहुंच कर वहां का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने जलने से मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की साथ ही अधिकारियों को हर हाल में पीड़ितों को अतिशीघ्र राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। योगी ने ट्रामा सेंटर में भर्ती झुलसे लोगों को भी समुचित उपचार के निर्देश दिए। अभी भी कुछ लोगों के इमारत के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, पुलिस एवं अग्निशमन अधिकारी मौके बचाव कार्य में जुटे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही कोचिंग सेंटर में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के प्रयास में कई छात्रों ने ऊंचाई से छलांग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। एक छात्र पहली मंजिल से कूदकर नीचे लगी लोहे की ग्रिल पर गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की लगभग 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के साथ-साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव कार्य में हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का भी उपयोग किया गया। दमकल कर्मियों ने इमारत के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।

मौके पर पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। ब्रजेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि उक्त इमारत में कोचिंग सेंटर के अलावा पेट शॉप, क्लीनिक, लाइब्रेरी और प्रशिक्षण केंद्र भी संचालित थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। देर शाम तक राहत और बचाव कार्य जारी रहा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments