बाराबंकी। टिकैतनगर थाना क्षेत्र में छत पर सोने गया एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गया। गंभीर अवस्था में परिजन नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से घर में कोहराम मच गया।
टिकैतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम तिवारी का पुरवा मजरे बारिनबाग गांव निवासी शंकर का 30 वर्षीय पुत्र रिंकू चौहान पत्नी व दो बच्चों के साथ रहता था। रिंकू मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता था। गुरुवार की रात भीषण उमस व गर्मी होने के कारण वह छत पर सोने चला गया था। छत पर रेलिंग नहीं बनी थी। रात करीब नौ बजे वह अचानक छत से घर के बाहर सड़क पर गिर पड़ा। इसमें वह गंभीर घायल हो गया। मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने उसे आनन-फानन स्थानीय सीएचसी ले गए। वहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।